हिमाचल में 108 व 102 एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर, स्वास्थ्य विभाग ने किए वैकल्पिक इंतजाम
हिमाचल प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़े कर्मचारी गुरुवार रात 8 बजे से हड़ताल पर जाएंगे। यह हड़ताल 27 दिसंबर की रात 8 बजे तक जारी रहेगी। संभावित असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभागीय एंबुलेंस सेवाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हड़ताल पर जा रहे कर्मचारियों का आरोप है कि एनएचएम उनकी लंबित मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है और प्रशासन कंपनी के हित में काम कर रहा है। सीटू के बैनर तले हो रही इस हड़ताल को लेकर सीटू नेता विजेंद्र मेहरा ने कहा कि प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें एस्मा एक्ट 1972 लगाने की धमकी देकर दबाने की कोशिश कर रहा है।
यूनियन नेताओं ने बताया कि एंबुलेंस सेवा का टेंडर सरकार और प्रशासन द्वारा निजी कंपनी को दिया गया है। जब कर्मचारी कंपनी द्वारा किए जा रहे शोषण की शिकायत लेकर प्रशासन के पास जाते हैं, तो यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है कि वे सरकारी कर्मचारी नहीं हैं। वहीं अब उसी कंपनी को बचाने के लिए कर्मचारियों पर एस्मा एक्ट लगाने की बात की जा रही है।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं और कंपनी द्वारा हो रहे शोषण की जानकारी दी, लेकिन हर बार उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया। इसी के चलते उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।





