शनिवार को रहेगा विधानसभा में अवकाश, 17 मार्च को सुबह 11 बजे पेश होगा बजट

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में अब शनिवार को बजट सत्र नहीं होगा। होली के त्योहार को देखते हुए शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों की विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया।
विधायकों का कहना था कि होली के अगले दिन विधानसभा क्षेत्रों से शिमला पहुंचना कठिन होगा, इसलिए शनिवार को सत्र स्थगित करने का फैसला किया गया है। पहले मुख्यमंत्री 17 मार्च को दोपहर 2 बजे बजट पेश करने वाले थे, लेकिन अब इसे बदलकर सुबह 11 बजे कर दिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पुष्टि करते हुए कहा कि विधायकों के आग्रह पर शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है और बजट अब निर्धारित समय से पहले, सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा।