आरसेटी ऊना में 1 अप्रैल से शुरू होगा निःशुल्क ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट प्रशिक्षण
ऊना, 25 मार्च:
आरसेटी ऊना के निदेशक पारूल बेदी ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में 1 अप्रैल से निःशुल्क ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए खुलेगा और प्रशिक्षण की सीटें सीमित हैं, जो पंजीकरण के आधार पर पहले आओ पहले पाओ की नीति पर दी जाएंगी।
पारूल बेदी ने कहा कि प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड और 3 पासपोर्ट साइज फोटो लानी अनिवार्य होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रशिक्षण के दौरान निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद, प्रशिक्षुओं को सरकारी पंजीकृत प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण प्राप्त करने के योग्य होंगे।
अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर 97364-81976 पर संपर्क कर सकते हैं।





