#Himachal Pradesh #Una

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीटन में विकास कार्यों का निरीक्षण किया

ऊना, 31 मार्च: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के बीटन गांव में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन खेल मैदान और समाधि वाली कुटिया के अतिरिक्त भवन के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले उपमुख्यमंत्री स्वामी श्री अभेदानंद महाराज (ब्रह्मलीन) के 25वें महानिर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। इनमें समाधि वाली कुटिया में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति और 25 हजार लीटर क्षमता वाले पानी के टैंक के निर्माण की घोषणा शामिल थी। इसके अलावा, उन्होंने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में समाधि वाली कुटिया को 1.51 लाख रुपये की राशि भेंट की थी। इससे पूर्व भी उन्होंने सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये प्रदान किए थे।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अपनी पूर्व घोषणाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बीटन में खेल मैदान के सुधार कार्य का भी निरीक्षण किया, जिसके लिए 1.50 करोड़ रुपये से अधिक राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि मैदान के सुधार, चारदीवारी निर्माण और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए उपयोग की जा रही है।

इसके अलावा, उन्होंने गोन्दपुर में प्राचीन टोबे के जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन किया और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और खेल सुविधाओं के विकास से क्षेत्र की समग्र प्रगति को बल मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि हरोली क्षेत्र में विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है, ताकि आम जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *