#Haryana

उत्तर प्रदेश सीमा विवाद को सुलझाने के लिए जिले में युमना नदी पर लगाए जाएगे 173 सीमा स्तंभ

हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा विवाद सुलझाने के लिए यमुना नदी पर लगाए जाएंगे 173 सीमा स्तंभ

सोनीपत, 31 मार्च: हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाते हुए यमुना नदी पर 173 सीमा स्तंभ लगाने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में सोमवार को एसीएस होम डॉ. सुमिता मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के साथ सीमा साझा करने वाले जिलों के उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सीमा विवाद समाधान की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमा स्तंभ लगाने का कार्य तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि यमुना नदी पर 173 सीमा स्तंभ स्थापित किए जाएंगे, जिससे दोनों राज्यों के बीच सीमा स्पष्ट होगी और किसानों के बीच चल रहे विवादों पर अंकुश लगेगा। यह कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पहले ही शुरू किया जा चुका है और इसे 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सीमा विवाद से किसानों को होती है परेशानी

उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा विवाद के कारण किसानों के बीच झगड़े की घटनाएं बढ़ जाती हैं। खासतौर पर यमुना नदी के बदलते प्रवाह के कारण हरियाणा के किसानों की जमीन उत्तर प्रदेश की सीमा में चली जाती है, जिससे विवाद उत्पन्न होते हैं। सीमा स्तंभ लगाए जाने से किसानों के लिए स्पष्ट सीमा रेखा निर्धारित होगी और भविष्य में ऐसे विवादों से बचा जा सकेगा।

बैठक में पीडब्ल्यूडी एक्सईएन पंकज गौड़, एसडीओ सिंचाई विभाग विक्रम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *