#Himachal Pradesh #Kangra

भारतीय जनता पार्टी विचारधारा आधारित संगठन: श्रीकांत शर्मा

धर्मशाला – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने सोमवार को धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान में भाग लिया। इस दौरान उनके साथ सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक रणवीर निक्का, भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा और ज़िलाध्यक्ष सचिन शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस अवसर पर श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो विचारों के आधार पर आगे बढ़ी है। उन्होंने बताया कि भाजपा के पास वर्तमान में लोकसभा में 240, राज्यसभा में 98 से अधिक सांसद और देशभर में 1600 से अधिक विधायक हैं। 13 राज्यों में भाजपा की अपनी सरकार है, जबकि 7 राज्यों में एनडीए गठबंधन की सरकारें कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से भाजपा आज एक विशाल जनाधार वाली पार्टी बन चुकी है। वर्तमान में 13.5 करोड़ से अधिक लोग पार्टी से जुड़े हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता तथा 6 लाख से अधिक बूथ अध्यक्ष शामिल हैं। श्री शर्मा ने उल्लेख किया कि गुजरात में लगातार छठी बार, गोवा और हरियाणा में तीसरी बार, मध्य प्रदेश में चौथी बार तथा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, त्रिपुरा, मणिपुर और असम में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। दिल्ली में भी 27 वर्षों बाद भाजपा सत्ता में है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो वैज्ञानिक ढंग से संगठन निर्माण और चुनावी रणनीति पर कार्य करती है। विचारधारा की दृढ़ता के साथ बिना किसी समझौते के आगे बढ़ना ही भाजपा का मूल मंत्र है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित योजनाओं जैसे गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत अभियान और उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी ने हमेशा गरीब, दलित, शोषित, पीड़ित, युवा और महिलाओं के हितों की चिंता की है।

भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और अन्य संस्थापक नेताओं के विचारों को पढ़ना और समझना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत 2047” के विज़न को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता से पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जुटने का आह्वान किया।

अंत में श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों पर जाएं और जनसंघ व भाजपा के प्रारंभिक कार्यकर्ताओं को खोज कर उनके घर जाकर सम्मान प्रकट करें।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *