#Himachal Pradesh #Una

अंतरराष्ट्रीय रंग में रंगा राज्य स्तरीय हरोली उत्सव, 10 से अधिक देशों के कलाकारों ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग

ऊना, 29 अप्रैल: हरोली में पहली बार राज्य स्तरीय स्वरूप में आयोजित हरोली उत्सव ने इस वर्ष भव्यता और वैश्विकता का नया परिचय दिया। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पहल और दूरदर्शिता से इस उत्सव को नई ऊंचाई मिली, जिसने न केवल राज्य बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी।

उत्सव में जापान, ब्रिटेन, अर्जेंटीना, सऊदी अरब, ब्राज़ील, मैक्सिको, चीन, इंडोनेशिया और रूस समेत 10 से अधिक देशों की सांस्कृतिक महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कलाओं, संगीत और नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, फायर डांस, यूक्रेनियन ड्रम बैंड, लाइट मैन और रोबोट मैन जैसे आधुनिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

वर्ष 2017 में उप मुख्यमंत्री अग्निहोत्री द्वारा इस उत्सव को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की गई थी। सरकार बदलने के बाद यह पहल कुछ समय के लिए रुकी रही, लेकिन सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद उनके अटूट संकल्प और जनहित के प्रति समर्पण ने इस आयोजन को एक नई भव्यता और पहचान दिलाई।

हरोली उत्सव आज केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, जन जागरूकता और परंपरा व आधुनिकता के संवाद का सशक्त मंच बनकर उभरा है। उप मुख्यमंत्री के प्रयासों से हरोली अब एक वैश्विक सांस्कृतिक केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *