गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा 2025 का विधिवत शुभारंभ

उत्तराखंड : उत्तराखंड के पावन चारधामों में से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधियों के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2025 की औपचारिक शुरुआत हो गई।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कपाटोद्घाटन समारोह में भाग लिया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा कर यात्रा के सफल संचालन, देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्री धामी यमुनोत्री धाम में कपाटोद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेने वाले पहले मुख्यमंत्री बने।
गंगोत्री धाम में मां गंगा की डोली भैरव घाटी से रवाना होकर धाम पहुंची और पूर्वाह्न 10:30 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। वहीं, यमुनोत्री धाम में मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली से पहुंची और पूर्वाह्न 11:55 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इस अवसर पर दोनों धामों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।
कपाट खुलने के अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किए और गंगा व यमुना में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
मुख्यमंत्री ने दोनों धामों में विशेष पूजाअर्चना कर मां गंगा और यमुना के दर्शन किए और लोक देवताओं की डोलियों से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन हेतु राज्य सरकार द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” के लिए सहयोग की अपील की और कहा कि “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ उत्तराखंड आगंतुकों को दिव्य अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है।

गंगोत्री धाम में आयोजित समारोह में विधायक श्री सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री धर्मानंद सेमवाल, सचिव श्री सुरेश सेमवाल, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट और पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष श्री संजीव उनियाल और सचिव श्री सुनील उनियाल भी मौजूद रहे।