ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, हिमाचल में बदला मौसम का मिज़ाज: शिमला में झमाझम बारिश

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री और ऊंची पहाड़ियों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। कुल्लू और लाहौल घाटी समेत ऊपरी क्षेत्रों में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। शुक्रवार सुबह रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर फिर से बर्फबारी दर्ज की गई है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार शाम से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह से शिमला में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट आने के साथ ही ठंडक फिर से लौट आई है। लोग एक बार फिर गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए हैं।
8 मई तक मौसम रहेगा खराब
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में 8 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। विभाग का कहना है कि 2 से 5 मई के बीच प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 6 से 8 मई तक मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा कुछ ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में भी इसी तरह की वर्षा के आसार हैं। आगामी 4-5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री और अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है।