नेपाल: जेल से भागने की कोशिश में सेना की फायरिंग, 2 कैदियों की मौत
काठमांडू, 11 सितंबर 2025
नेपाल में जारी राजनीतिक अस्थिरता के बीच रामेछाप जिले की जेल से कैदियों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान सेना ने फायरिंग की, जिसमें दो कैदियों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हुए। सेना के नियंत्रण संभालने के बाद गोलीबारी की यह पहली घटना मानी जा रही है।
इसी बीच काठमांडू जेल से फरार एक बांग्लादेशी कैदी बिहार-नेपाल सीमा पर पकड़ा गया। महमद अबुल हसन ढाली नामक यह कैदी सोने की तस्करी के आरोप में पांच साल से जेल में बंद था। उसे रक्सौल सीमा पर गश्त कर रही एसएसबी की 47वीं बटालियन ने हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नेपाल की अलग-अलग जेलों से पिछले तीन दिनों में करीब 15 हजार कैदी फरार हो चुके हैं। ओली सरकार के खिलाफ जारी आंदोलन के बीच इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। सीमावर्ती इलाकों में गश्त तेज कर दी गई है और चौकसी बढ़ा दी गई है।





