भारत वैश्विक कूटनीति का हब, मोदी बने विश्व नेताओं की पहली पसंद
नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सक्रिय कूटनीति ने भारत की अंतरराष्ट्रीय साख को नई ऊँचाई पर पहुँचा दिया है। इटली, कतर और ईरान जैसे देशों के साथ हालिया बातचीत ने यह साफ कर दिया है कि भारत अब वैश्विक राजनीति का अहम केंद्र बन चुका है। कोई राष्ट्राध्यक्ष मोदी से शांति और स्थिरता पर चर्चा करता है, तो कोई भारत-यूरोप मुक्त व्यापार समझौते को गति देने पर जोर देता है।
आज जब यूरोप युद्ध की मार झेल रहा है, मध्यपूर्व अस्थिरता से जूझ रहा है और एशिया शक्ति संतुलन की चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे दौर में विश्व के लगभग सभी बड़े नेता प्रधानमंत्री मोदी से संवाद को प्राथमिकता दे रहे हैं।
सोशल मीडिया से लेकर आमने-सामने की मुलाक़ातों तक, मोदी लगातार वैश्विक नेताओं के संपर्क में बने हुए हैं। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुआ संवाद सिर्फ व्यक्तिगत रिश्तों का संकेत नहीं था, बल्कि इस बात का प्रमाण है कि विश्व की प्रभावशाली हस्तियाँ भारत से सीधे जुड़ना चाहती हैं।
वहीं, मॉरीशस के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा इस तथ्य को और मजबूत करती है कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत केवल पड़ोसी देशों का मित्र नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद रणनीतिक साझेदार भी है।





