उड़ान के बाद स्पाइसजेट विमान का पहिया टूटा, मुंबई में आपातकालीन लैंडिंग
कांडला हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद स्पाइसजेट के क्यू-400 विमान का एक पहिया टूटकर रनवे पर गिर गया, जिसके चलते विमान को शुक्रवार को मुंबई हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। इस विमान में 75 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। मुंबई हवाई अड्डे के संचालक एमआईएएल ने बताया कि विमान दोपहर 3:51 बजे सुरक्षित रूप से उतरा और सभी यात्री तथा चालक दल सुरक्षित हैं। थोड़े समय के लिए हवाई अड्डे का परिचालन प्रभावित हुआ लेकिन बाद में सामान्य कर दिया गया। एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 12 सितंबर को कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया, इसके बावजूद विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। अधिकारियों ने बताया कि उड़ान संख्या एसजी-2906 के इस विमान का एक पिछला पहिया गायब था और कांडला एटीसी ने पायलट को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद एहतियातन पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया। सौभाग्य से लैंडिंग गियर वापस खिंच रहा था जिसकी वजह से विमान सुरक्षित उतर सका। हाल के महीनों में स्पाइसजेट विमानों में तकनीकी समस्याओं की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।





