ऊना के हरोली में बल्क ड्रग पार्क को केंद्रीय मंजूरी, परियोजना पर काम शुरू होगा
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली में बल्क ड्रग पार्क के निर्माण के लिए केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण अब पूरी तरह संभव हो गया है।
यह पार्क लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश के साथ विकसित होगा और इसके पूरा होने पर लगभग 20 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। परियोजना में केंद्र सरकार 996.45 करोड़ रुपये और राज्य सरकार 1,074.55 करोड़ रुपये खर्च करेगी। यह पार्क कुल 1,402.44 एकड़ भूमि पर बनेगा।
जुलाई 2020 में केंद्रीय फार्मास्यूटिकल्स विभाग ने बल्क ड्रग पार्क की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद उद्योग विभाग ने डीपीआर तैयार की। अक्टूबर 2022 में योजना संचालन समिति (एसएससी) ने अंतिम मंजूरी दी। एनआईटी हमीरपुर ने केंद्रीय समिति के परामर्श से जल निकासी, विकास योजना, पारिस्थितिकी पर न्यूनतम प्रभाव, जोखिम मूल्यांकन और भूस्खलन जैसी तकनीकी रिपोर्ट तैयार की।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पर्यावरण मंजूरी मिलने के बाद पार्क का निर्माण तेजी से आगे बढ़ेगा और यह फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद करेगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम ने कहा कि सरकार इसे समय पर पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
निदेशक उद्योग डॉ. यूनुस ने बताया कि निर्माण कार्य पर्यावरण मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा ने कहा कि इस मंजूरी से हिमाचल प्रदेश के फार्मा क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा।





