देहरादून में बादल फटने से मचा हाहाकार, सीएम धामी ने कहा- युद्धस्तर पर राहत-बचाव जारी
देहरादून में सोमवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। मूसलाधार बारिश से सहस्त्रधारा, मालदेवता और मसूरी समेत कई इलाकों में मकान, सड़कें, दुकानें और गाड़ियां बह गईं। तमसा और सोंग नदी उफान पर आ गईं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। आईटी पार्क इलाके में जलभराव से कार्यालयों और बेसमेंट तक पानी घुस गया।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार, दो से तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं, वहीं मसूरी से एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है। प्रभावित इलाकों से 300 से 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं और वे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने ईश्वर से सभी की सुरक्षा की प्रार्थना की।
भारतीय मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी गढ़वाल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें अत्यधिक भारी बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम धामी से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य जारी है।





