#Himachal Pradesh #Shimla

शिमला में बारिश से तबाही, लैंडस्लाइड में कई गाड़ियां दबकर क्षतिग्रस्त

राजधानी शिमला में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। शहर के कई हिस्सों में पेड़ गिरने और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं सामने आईं। हिमलैंड क्षेत्र में तड़के करीब 3 बजे भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिसकी चपेट में कई वाहन आकर क्षतिग्रस्त हो गए। मलबा आसपास के भवनों में भी घुस गया, जिससे लोगों को रात के समय घर खाली करने पड़े।

भूस्खलन से सड़क यातायात बाधित हो गया। लोक निर्माण विभाग ने सुबह मशीनरी लगाकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया और करीब 9 बजे सड़क बहाल कर दी।

घटना स्थल पर शहरी विधायक हरीश जनारथा पहुंचे। उनके साथ शिमला नगर निगम के पार्षद और उपमहापौर उमा कौशल भी मौजूद रहीं। विधायक ने अधिकारियों को खतरा बने पेड़ों को तुरंत हटाने और प्रभावित भवनों के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

हरीश जनारथा ने बताया कि भले ही किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई वाहन मलबे में दब गए और कुछ मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, रात 2:30 बजे के करीब तेज बारिश हुई और देखते ही देखते ऊपर से आया मलबा घरों तक पहुंच गया। खिड़कियों से मलबा घरों के अंदर घुस गया, जिससे लोगों को तुरंत बाहर निकलना पड़ा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *