#Himachal Pradesh #Mandi

धर्मपुर में बाढ़ से भारी नुकसान, उपमुख्यमंत्री ने दिए त्वरित राहत व बहाली के निर्देश

धर्मपुर में सोन खड्ड में आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्थानीय प्रशासन व विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बहाली कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी बस योग्य सड़कें बहाल की जाएं और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए।

अग्निहोत्री ने बताया कि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार धर्मपुर क्षेत्र में सार्वजनिक और निजी संपत्ति को लगभग 10 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सिर्फ हिमाचल पथ परिवहन निगम को ही करीब 6 करोड़ रुपए की क्षति पहुंची है। निगम की 20 बसें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें 18 धर्मपुर डिपो की, जबकि एक-एक बस सरकाघाट और बिलासपुर डिपो की है। धर्मपुर बस अड्डे को भी गहरा नुकसान पहुंचा है, हालांकि निगम का सारा स्टाफ सुरक्षित है।

आपदा से जलशक्ति विभाग की कई योजनाओं, खंड विकास कार्यालय के रिकॉर्ड व फर्नीचर, सड़कों, बिजली बोर्ड और अन्य सार्वजनिक व निजी संपत्तियों को भी क्षति पहुंची है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बस अड्डे से बाहर खड़ी सुरक्षित बसों के जरिए मुख्य मार्गों पर परिवहन सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने बाजार और बस अड्डे का भी निरीक्षण किया तथा प्रभावित लोगों से संवाद कर सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

इस दौरान उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक चंद्रशेखर, कविता शेखर, एसपी साक्षी वर्मा, एडीएम डॉ. मदन कुमार, एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल, एचआरटीसी बीओडी सदस्य धर्मेंद्र धामी, मुख्य अभियंता जलशक्ति रोहित दुबे,पीडब्ल्यूडी के प्रमोद कश्यप, विद्युत विभाग के एक्सईएन संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *