25वीं वर्षगांठ पर आरबीआई गवर्नर का आह्वान, नवाचार और नई मुद्राओं में व्यापार पर जोर
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को क्लियरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (CCIL) से आग्रह किया कि वह रुपये-डॉलर तक सीमित न रहकर अन्य विदेशी मुद्राओं में भी कारोबार और निपटान की सुविधा विकसित करे। उन्होंने कहा कि रुपये के अंतरराष्ट्रीयकरण को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह का बुनियादी ढांचा तैयार करना बेहद ज़रूरी है।
सीसीआईएल की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मल्होत्रा ने निगम से विदेशी मुद्रा और सरकारी प्रतिभूतियों के क्षेत्र में खुदरा निवेशकों के लिए अपनी सेवाओं का विस्तार करने की बात कही। उन्होंने ‘फॉरेक्स रिटेल’ और ‘आरबीआई रिटेल डायरेक्ट’ जैसे उत्पादों को और सशक्त बनाने पर जोर दिया, ताकि निवेशकों को सहज अनुभव और मजबूत प्रणाली क्षमताएं मिल सकें।
गवर्नर ने जानकारी दी कि सरकारी प्रतिभूतियों के ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर फिलहाल करीब तीन लाख खुदरा निवेशक पंजीकृत हैं। उन्होंने सीसीआईएल को उभरती प्रौद्योगिकियों का उपयोग कर दक्षता, सुरक्षा, लागत-प्रभावशीलता और प्रदर्शन बढ़ाने के लिए नवाचार अपनाने की सलाह दी।
मल्होत्रा ने कहा कि स्थिरता, भरोसा और सतत विकास, आरबीआई और सीसीआईएल दोनों के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण लक्ष्य हैं।





