नवरात्रि पर देशवासियों को पीएम मोदी की सौगात, जीएसटी सुधार बनेगा बचत उत्सव : जय राम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि देश नवरात्रि पर्व को इस बार बचत उत्सव के रूप में मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स का वादा लाल किले की प्राचीर से किया था, वह अब पूरा हो रहा है। ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री की हर गारंटी के साथ उसकी पूर्ति की भी गारंटी होती है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह कश्मीर से धारा 370 हटाकर “एक राष्ट्र, एक निशान, एक विधान” का सपना पूरा हुआ, उसी तरह जीएसटी ने “एक राष्ट्र, एक कर” की अवधारणा को साकार किया है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया और कहा कि बिना आत्मनिर्भरता के आजादी अधूरी है।
जय राम ठाकुर ने आगे बताया कि जीएसटी सुधार से एमएसएमई सेक्टर को नई दिशा मिलेगी। इस वर्ष आयकर और जीएसटी में दी गई छूट से देशवासियों को ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री ने बचत उत्सव का तोहफा दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह वास्तव में जनता के लिए बचत का उत्सव है।





