आपदा प्रभावितों को राहत देने पर ध्यान केंद्रित करे सरकार : जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को केंद्र और विपक्ष पर आरोप लगाने की बजाय आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने पर प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बयान में कहा कि आपदा के कारण प्रदेश के कई इलाकों में सड़कें बंद हैं, गाड़ियां नहीं चल पा रही हैं और इससे किसानों व बागवानों के उत्पाद बाजार तक नहीं पहुंच रहे। सैकड़ों करोड़ रुपये के सेब और सब्जियां रास्ते बंद होने की वजह से सड़ चुकी हैं। अगर सड़कों की बहाली में देरी हुई तो नुकसान और भी बढ़ जाएगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की आर्थिकी मुख्य रूप से बागवानी, कृषि और पर्यटन पर आधारित है और मौजूदा आपदा से यही तीनों क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इसलिए सरकार को चाहिए कि युद्धस्तर पर सड़कों को बहाल करे ताकि सेब व सब्जियां बाजार तक पहुंच सकें, किसानों को उचित मूल्य मिल सके और पर्यटन गतिविधियां भी फिर से शुरू हो सकें।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेजी जा रही आर्थिक सहायता को समय पर प्रभावितों तक पहुंचाना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। विपक्ष पर आरोप लगाने या केंद्र को कोसने से न तो सरकार का भला होगा और न ही प्रभावित लोगों का।
इस दौरान जयराम ठाकुर पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने जापान में होने जा रही एशियनडॉजबॉल चैंपियनशिप-2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करें और विजय पताका फहराएं।





