28 सितंबर को लारजी बांध से छोड़ा जाएगा पानी, ब्यास नदी किनारे के लोग रहें सतर्क
लारजी पावर स्टेशन के बांध में जमा गाद की निकासी के लिए 28 सितंबर सुबह 6 बजे से 29 सितंबर सुबह 6 बजे तक (24 घंटे) पानी छोड़ा जाएगा। इस दौरान लारजी बांध से लेकर पंडोह बांध तक ब्यास नदी के किनारे रहने वाले सभी लोगों को सतर्क रहने और नदी के पास न जाने की सलाह दी गई है।
एचपीएसईबीएल थलौट के सिविल मेंटेनेंस डिवीजन के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता अजय ठाकुर ने बताया कि इस प्रक्रिया में बांध से करीब 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवधि में कोई भी व्यक्ति या पशु नदी किनारे न जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि न हो।
उन्होंने आगे बताया कि पानी छोड़े जाने के समय लारजी पावर स्टेशन का उत्पादन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं, सुरक्षा के लिए सायरन और प्रचार वाहनों के माध्यम से लोगों को समय-समय पर सूचना दी जाएगी।





