विजयदशमी पर पीएम मोदी ने देश को दी 4जी सेवा, सीएम योगी ने जताया आभार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजयदशमी के अवसर पर देशवासियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने स्वदेशी तकनीक पर आधारित भारत नेट के इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी 4जी सेवा का शुभारंभ किया है, जो डिजिटल क्रांति की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
सीएम योगी ने कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से भारत को स्वदेशी तकनीक पर आधारित 4जी सेवाओं का उपहार मिला है। यह टेलीकॉम सेक्टर में आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश की जनता और बीएसएनएल परिवार की ओर से प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत की सेना दुनिया की सबसे मजबूत सेनाओं में से है। आज भारत डिजिटल लेन-देन में भी अग्रणी है और यूपीआई का सबसे ज्यादा इस्तेमाल करने वाला देश बन चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पहले तेल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की और अब तकनीक के क्षेत्र में नए युग की शुरुआत की जा रही है।
योगी ने कहा कि फिलहाल देश को 4जी सेवा मिल रही है और आने वाले समय में 5जी और 6जी तकनीक को भी लागू करने की तैयारियां चल रही हैं। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को देशवासियों की ओर से धन्यवाद दिया।





