#Himachal Pradesh #Solan

पीएम जनता को राहत दे रहे, सुक्खू सरकार टैक्स का बोझ डाल रही : जयराम ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोलन में नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म संगोष्ठी को संबोधित किया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने माता शूलिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन मिला है। मोदी सरकार लगातार आम जनता को राहत देने का काम कर रही है। वहीं, हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार लोगों पर टैक्स का बोझ डाल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने 15 सितंबर को कैबिनेट बैठक में एडिशनल गुड्स टैक्स (एजीटी) 16 रुपये बढ़ा दिया, जिससे सीमेंट 6 रुपये महंगा हो गया। उन्होंने इसे आपदा प्रभावित प्रदेशवासियों के साथ अन्याय बताते हुए टैक्स वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासन में रोजमर्रा की वस्तुओं पर 30% टैक्स देना पड़ता था, लेकिन नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी लागू होने के बाद ये वस्तुएं 5% तक सस्ती हो गई हैं। अधिकांश घरेलू सामान जीरो या 5% जीएसटी में आ चुके हैं, जिससे जनता को बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था से चार पहिया वाहन खरीदने पर कम से कम ₹50,000 और मोटरसाइकिल पर ₹10,000 की बचत हो रही है। गंभीर बीमारियों की 31 दवाओं को भी जीएसटी से बाहर रखा गया है। साथ ही आयकर सीमा बढ़ाकर ₹12.75 लाख कर दी गई है, जिससे देशवासियों को हर साल लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये की बचत होगी।

इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *