सीएम सुक्खू सरकार सैनिकों और शहीद परिवारों के प्रति संवेदनशील : पठानिया
शाहपुर (रैत) में इंडियन एक्स-सर्विसमैन लीग, हिमाचल प्रदेश (धर्मशाला) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शाहपुर विधायक और उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया से मुलाकात की और अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया।
पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार सैनिकों और शहीद परिवारों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है जिसने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सूबेदार पवन के परिवार को 30 लाख रुपए की सहायता प्रदान की, जबकि केंद्र सरकार की ओर से अभी तक कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है।
उन्होंने आगे बताया कि शाहपुर में जल्द ही एक भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जाएगा और इसके साथ ही ईसीएचएस और कैंटीन की स्थापना भी की जाएगी। पठानिया ने बताया कि हाल ही में वे देश के रक्षा मंत्री से भी मिले हैं और सैनिकों से जुड़े मुद्दों के समाधान का आश्वासन प्राप्त किया है।
उपमुख्य सचेतक ने एक्स-सर्विसमैन को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इस अवसर पर लीग के सदस्यों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1.50 लाख रुपए का चेक भी भेंट किया।





