#Himachal Pradesh #Shimla

अस्पतालों के लिए 123 करोड़ की स्वीकृति पर डॉ. बिंदल ने जताया नड्डा का आभार

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, उर्वरक व रसायन मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नड्डा द्वारा हिमाचल प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों एवं मातृ-शिशु अस्पतालों के लिए 123 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे प्रदेश की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

डॉ. बिंदल ने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में हिमाचल को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। दीपावली से पहले प्रदेश को 843 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा राहत के लिए 1500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए।

उन्होंने कहा कि एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का हिमाचल में स्थापित होना और अल्प समय में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं की शुरुआत होना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत से बने इस संस्थान ने स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई दी है।

प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ गरीबों को सही तरह से नहीं मिल रहा और हिमकेयर योजना को बंद करना गरीब वर्ग के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से नाहन मेडिकल कॉलेज (261 करोड़), मातृ-शिशु अस्पताल (21 करोड़) और नर्सिंग कॉलेज (75 करोड़) के लिए स्वीकृत राशि का भी सही उपयोग नहीं हो रहा।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा गरीब मरीजों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगी और सरकार की इस कार्यशैली की कड़े शब्दों में निंदा करती है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *