#Himachal Pradesh #Shimla

हिमाचल में सेब उत्पादन बढ़ा, लेकिन कीमतों में गिरावट से बागवान निराश

हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन अब समाप्ति की ओर है। इस बार अब तक प्रदेश में 2 करोड़ 54 लाख पेटी सेब का कारोबार हुआ है। सरकार ने एमआईएस योजना के तहत 82 हजार मीट्रिक टन सेब खरीदा है। हालांकि, सीजन आधिकारिक तौर पर 15 नवंबर तक चलेगा

पिछले साल के मुकाबले इस बार उत्पादन अधिक रहा, लेकिन औसत दाम गिर गए। वर्ष 2024 में एक पेटी सेब का औसत भाव 1500 रुपये था, जबकि इस साल यह घटकर 1200 से 1300 रुपये रह गया।

भारी बारिश और पतझड़ से सेब की गुणवत्ता प्रभावित हुई। वहीं, शुरुआती सीजन में निचले इलाकों से कच्चा सेब बाजार में आने के कारण दाम नीचे आ गए। सरकार द्वारा एमआईएस केंद्र देर से खोलने से भी बाजार में कम गुणवत्ता वाला सेब पहुंचा, जिससे कीमतों पर दबाव पड़ा।

इसके अलावा, कश्मीर का सेब सितंबर में बाजार में आने से हिमाचल के सेब की मांग घटी और दाम और नीचे आ गए।

वहीं, किन्नौर में सीजन अब रफ्तार पकड़ रहा है। यहां अब तक 15 लाख पेटी सेब का कारोबार हो चुका है, जबकि करीब 5 लाख पेटी सेब अभी बाजार में पहुंचना बाकी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *