हिमईरा पोर्टल पर दिवाली गिफ्ट बॉक्स की जोरदार बिक्री, देशभर से पहुंचे 4350 ऑनलाइन ऑर्डर
शिमला। हिमाचल सरकार के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म हिमईरा पोर्टल पर दिवाली के मौके पर गिफ्ट बॉक्स की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया है। देश के अलग-अलग राज्यों से अब तक 4350 ऑनलाइन ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। त्योहार के मौसम में हिमाचल के हस्तनिर्मित और घर पर बने उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए हिमईरा ने अपने ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर भी शुरू किए हैं, जिनके तहत 20 से 40 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। अब हिमईरा के उत्पाद एमेजॉन पर भी उपलब्ध हैं, जिससे देशभर के उपभोक्ता आसानी से इन्हें खरीद सकते हैं।
दिवाली गिफ्ट बॉक्स में हिमाचल की ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद जैसे गुलाब जल, हैंडमेड साबुन, क्रीम, स्क्रब, चुली और अखरोट का तेल शामिल हैं। सुंदर और आकर्षक पैकेजिंग वाले ये बॉक्स प्यार और परंपरा से भरपूर तोहफे के रूप में लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।
गिफ्ट बॉक्स में चेरी प्रिजर्व, प्लम चटनी, पहाड़ी शहद, और प्राकृतिक ब्यूटी उत्पाद जैसे कोल्डप्रेस एप्रिकॉट ऑयल, एप्रिकॉट क्रीम, रोजहिप क्रीम, अरोमेटिक गुलाब कैंडल, सॉलिड परफ्यूम, तथा हर्बल चाय के रूप में ग्रीन टी कॉम्बो (मिंट, कांगड़ा ग्रीन टी, कैमोमाइल, लेमनग्रास, रोजहिप टी) भी शामिल किए गए हैं।
हिमईरा पोर्टल को 3 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लॉन्च किया था। शुरुआत के कुछ महीनों में ही इस प्लेटफॉर्म ने 23.60 लाख रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है। राज्यभर के 60 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इससे सीधा आर्थिक लाभ मिला है।
हिमईरा अब केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि हिमाचली महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की पहचान बन चुका है। यहां उपलब्ध हर उत्पाद मेहनत, परंपरा और स्थानीय संस्कृति की झलक पेश करता है।





