तीन साल बाद मंच पर आईं सोनिया-प्रियंका, गारंटियों पर साधा मौन: डॉ. राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2022 में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने वादों और गारंटियों की झड़ी लगाकर हिमाचल में सरकार बनाई थी। प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान हर मंच से घोषणा की थी कि कांग्रेस की पहली कैबिनेट बैठक में युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार दिए जाएंगे। साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु की हर बहन को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया था।
डॉ. बिंदल ने कहा कि तीन साल बाद जब सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी दोबारा शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर मंच साझा करने आईं, तो उन्होंने जनता से किए किसी भी वादे पर एक शब्द नहीं कहा। कांग्रेस के नेताओं ने मंच से न तो अपनी गारंटियों का उल्लेख किया और न ही जनता को जवाब देने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन साल में एक भी सरकारी नौकरी नहीं दी, न महिलाओं को 1500 रुपये की सहायता राशि, न किसानों को 100 रुपये प्रति लीटर दूध या 100 रुपये प्रति किलो गोबर का मूल्य मिला। बिजली-पानी मुफ्त देने की घोषणाएं भी धरातल पर नहीं उतरीं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तीन साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को कोसने का काम किया। जनता अब सवाल पूछ रही है कि उनके वादों का क्या हुआ? जो रोजगार और सुविधाएं देने का दावा किया गया था, वह सब कहां गया?
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की झूठी गारंटियों का बोझ अब हिमाचल की 28 लाख बहनों पर लगभग 48 हजार रुपये प्रति बहन के हिसाब से कर्ज के रूप में चढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस से हर वादे का जवाब मांग रही है।





