#Himachal Pradesh #Shimla

अक्टूबर के वेतन और पेंशन के साथ मिलेगा तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता: मुख्यमंत्री सुक्खू

शिमला: दिवाली से पहले मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश के अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनरों को अक्टूबर माह के वेतन और पेंशन के साथ तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। उन्होंने बताया कि अप्रैल से सितंबर 2025 तक का बकाया राशि अक्टूबर में कर्मचारियों के खातों में जमा कर दी जाएगी, जबकि जुलाई 2023 से मार्च 2025 तक की बकाया राशि के लिए अलग आदेश जारी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के दो दिवसीय आम अधिवेशन के शुभारंभ के मौके पर की। उन्होंने कहा कि बोर्ड के पदाधिकारियों के साथ चर्चा के बाद पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बोर्ड में सुधार के लिए कर्मचारियों का सहयोग जरूरी है।

सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार ने 2023 से सितंबर 2025 तक पेंशनधारकों को ग्रेच्युटी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, अवकाश नकदीकरण और पेंशन बकाया के रूप में कुल 662.81 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। वर्ष के अंत तक 70 करोड़ रुपये और भुगतान किए जाएंगे। सभी कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान अब साप्ताहिक आधार पर केंद्रीकृत रूप से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बोर्ड के आउटसोर्स कर्मचारियों के हादसे में घायल होने पर मुआवजा नीति लागू की जाए और रुकी हुई पदोन्नतियां तुरंत की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए आने वाले तीन-चार महीने आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण होंगे, लेकिन जल्दी ही स्थिति सुधरेगी।

सुक्खू ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की गुणात्मक शिक्षा में रैंकिंग 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंची है। इसके अलावा, पीईटी स्कैन और थ्री टेस्ला एमआरआई मशीनें लगाई जा रही हैं और रोबोटिक सर्जरी की सुविधा चमियाणा और टांडा मेडिकल कॉलेज में शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उपायों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दूध की खरीद दरों में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है और प्राकृतिक खेती से उगाई गई फसलों को समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने यूनियन की स्मारिका का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में विधायक संजय अवस्थी, हरीश जनारथा, रणजीत सिंह, कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया, बिजली बोर्ड के चेयरमैन प्रबोध सक्सेना, प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी, ऑल इंजीनियर्स यूनियन अध्यक्ष लोकेश ठाकुर, महासचिव हीरा लाल वर्मा और एचपीएसईबीएल कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष कामेश्वर दत्त शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *