स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देना आवश्यक, पौष्टिक भोजन से ही बनता है स्वस्थ समाज : राहुल जैन
सोलन। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) राहुल जैन ने कहा कि स्थानीय व्यंजनों को प्रोत्साहित करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे शुक्रवार को डीआरडीए सोलन द्वारा 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर आयोजित ग्रामीण स्वाद महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त समाज के निर्माण के लिए पौष्टिक भोजन का सेवन आवश्यक है। सभी आयु वर्ग के लोगों को संतुलित और पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए ताकि शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके।
राहुल जैन ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य समुदाय में कुपोषण की समस्या को कम करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और पारंपरिक पौष्टिक व्यंजनों को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देव शर्मा ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सोलन की किरण कश्यप ने संस्थान द्वारा प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में बताया।
महोत्सव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों ने पारंपरिक व्यंजनों की पोषण प्रदर्शनी लगाई। इसमें सोलन खंड प्रथम, कंडाघाट खंड द्वितीय और धर्मपुर खंड तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी जोगिंद्र राणा, राजस्व तहसीलदार भूमिका जैन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रियंका शर्मा सहित विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





