दिवाली पर घर लौटने वालों के लिए एचआरटीसी की सौगात, अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचआरटीसी) ने दिवाली स्पेशल बसों का संचालन शुरू कर दिया है। यह सुविधा खासतौर पर उन हिमाचलियों के लिए है जो दिल्ली, चंडीगढ़, बद्दी और अन्य राज्यों में काम या पढ़ाई के सिलसिले में रह रहे हैं।
एचआरटीसी ने शुक्रवार से दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से नियमित रूटों के साथ-साथ अतिरिक्त बसें चलानी शुरू कर दी हैं। शनिवार को 106 और रविवार को 54 अतिरिक्त बसें चलाने की योजना बनाई गई है। निगम प्रबंधन ने सभी डिपुओं को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की मांग के अनुसार और अधिक बसें भी चलाई जा सकती हैं।
कांगड़ा, मंडी, शिमला, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और चंबा सहित प्रदेश के सभी प्रमुख जिलों के लिए विशेष बसें उपलब्ध रहेंगी। निगम ने दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से चलने वाली बसों की एडवांस ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी है ताकि यात्री पहले से अपनी सीट आरक्षित कर सकें।
18 अक्तूबर को 106 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी — जिनमें दिल्ली से 44, चंडीगढ़ से 54 और बद्दी से 8 बसें शामिल होंगी। वहीं, 19 अक्तूबर को 54 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी, जिनमें दिल्ली से 6 और चंडीगढ़ से 48 बसें रहेंगी।
एचआरटीसी प्रबंधन का कहना है कि इस कदम से दिवाली के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ से राहत भी रहेगी।





