#Himachal Pradesh #Solan

बददी के निकट साई पंचायत में पूर्व उपप्रधान पर चली गोली, साले ने मारी गोली, पीजीआई में मौत

बीबीएन :
दून विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली पहाड़ी पंचायत साईं में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब कार सवार पूर्व उपप्रधान पर अज्ञात व्यक्ति ने गोली चला दी। गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सूचना मिली है कि पीजीआई में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही एसपी बद्दी विनोद धीमान पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, हमलावर घायल व्यक्ति की पत्नी का भाई है, जिसने पुरानी रंजिश के चलते गोली चलाई और मोटरसाइकिल पर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्व उपप्रधान सोहनलाल शुक्रवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अपनी कार से साईं पंचायत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह साईं बस स्टैंड के समीप पहुंचे, तभी बाइक सवार युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली बाजू और छाती के पास लगी। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सीएचसी बद्दी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। सूत्रों ने बताया कि उप प्रधान की एक साल पहले ही करीब 40 वर्ष की उम्र में शादी हुई थी। इनकी इंटरकॉस्ट मैरिज हुई थी और उसके बाद दोनों परिवारों में संबंध बिगड़ते रहे। बताया जा रहा है कि इसी कारण शुक्रवार को यह गोली चलाई गई। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *