#Himachal Pradesh

दिसंबर में हिमाचल में होंगी तीन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं : रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में दिसंबर माह के दौरान तीन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन प्रतियोगिताओं में देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से खिलाड़ी भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14 छात्र वर्ग में वॉलीबॉल, तथा अंडर-19 छात्र वर्ग में हैंडबॉल और कबड्डी की राष्ट्रीय स्तरीय स्पर्धाएं शामिल होंगी।

रोहित ठाकुर अपने गृह क्षेत्र जुब्बल पहुंचे, जहाँ उन्होंने “ठाकुर राम लाल स्वर्ण जयंती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल” में आयोजित छात्राओं की राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और विद्यालय प्रशासन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और एक खेल छात्रावास से आईं कुल 507 छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी खेल विधाएं शामिल हैं।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ खेलों का विशेष महत्व है। खेल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं बल्कि उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का भी विकास करते हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। खिलाड़ियों की “डाइट मनी” को 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये किया गया है, साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में वर्तमान में 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल का छात्रावास (कन्या) राज्य का सबसे बड़ा खेल छात्रावास बनकर उभरा है।

इस छात्रावास की स्थापना 1987 में हुई थी, जहाँ प्रारंभ में केवल वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया जाता था। पिछले दो वर्षों में इसमें कबड्डी और बैडमिंटन को भी शामिल किया गया है। वर्तमान में यहाँ वॉलीबॉल और कबड्डी की 20-20 सीटों तथा बैडमिंटन की 15 सीटों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

ठाकुर ने बताया कि 2.27 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास का नया भवन बनाया गया है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा विद्यालय के साइंस ब्लॉक का निर्माण 2.47 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

विद्यालय के इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्थान जुब्बल का एक प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक विद्यालय है, जिसने कई प्रतिभाशाली छात्र तैयार किए हैं। इनमें उनके दादा स्वर्गीय ठाकुर रामलाल का नाम प्रमुख है, जो न केवल नौ बार विधायक रहे बल्कि तीन बार मुख्यमंत्री और एक बार आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।

उन्होंने बताया कि ठाकुर रामलाल खेलों से गहरा लगाव रखते थे और विद्यार्थियों को हमेशा खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते थे।

अंत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। डकैढ़ गांव में 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया जा रहा है, जबकि आईटीआई जुब्बल का नया भवन नवंबर माह में जनता को समर्पित किया जाएगा।

इस अवसर पर निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, तहसीलदार जितेंद्र ठाकुर, प्रधानाचार्य केशव शर्मा, कमांडेंट राजपाल नेपटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतीलाल सिथटा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *