हिमाचल सरकार ने जेओए (आईटी) का अलग राज्य कैडर बनाने को दी मंजूरी
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) यानी जेओए (आईटी) के लिए एक अलग राज्य कैडर के गठन को मंजूरी दे दी है। इस कदम से भर्ती प्रक्रिया में एकरूपता आएगी और इन कर्मचारियों के अंतर-विभागीय तबादले संभव हो सकेंगे।
सरकार ने इस नए आईटी राज्य कैडर के तहत 300 जॉब ट्रेनी पदों के सृजन की भी स्वीकृति दी है। ये पद हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से लागू आरक्षण रोस्टर के अनुसार भरे जाएंगे।
इस कैडर के नियंत्रण प्राधिकरण के रूप में भर्ती निदेशालय कार्य करेगा। वहीं, कर्मचारियों का दैनिक निरीक्षण, कार्य मूल्यांकन और उपस्थिति की निगरानी संबंधित विभागाध्यक्षों के अधीन रहेगी। वरिष्ठता निर्धारण के लिए भर्ती निदेशालय सरकार द्वारा तय सामान्य सिद्धांतों के आधार पर कैडर वरिष्ठता सूची तैयार करेगा।
सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, इस कैडर के लिए भर्ती और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुचारू बनाने हेतु एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी। इसमें नियुक्ति, नियंत्रण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, संस्तुति और रिपोर्टिंग चैनलों की स्पष्ट व्यवस्था होगी।
इसके साथ ही, सरकार एनआईसी की मदद से एक केंद्रीकृत मानव संसाधन प्रबंधन सूचना प्रणाली (HRMIS) भी विकसित करेगी, जिससे कैडर संख्या, नियुक्ति और सेवा रिकॉर्ड की रीयल-टाइम निगरानी संभव हो सकेगी।





