#Himachal Pradesh #Shimla

कांग्रेस ने मुस्लिम लीग को खुश करने के लिए बदला राष्ट्रगीत : भाजपा उपाध्यक्ष विपिन परमार का आरोप

केंद्र सरकार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भव्य समारोह आयोजित करने जा रही है। इस अवसर पर भाजपा देश और प्रदेश स्तर पर जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन परमार ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि 7 नवम्बर को सुबह 11 बजे भाजपा की ओर से देशभर में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में यह कार्यक्रम शिमला के अंबेडकर चौक, कांगड़ा विधानसभा परिसर, मंडी के कल्लू और हमीरपुर में आयोजित होगा।

विपिन परमार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने मुस्लिम लीग को खुश करने के लिए राष्ट्रगीत में बदलाव किया। उन्होंने कहा कि 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति ने निर्णय लिया कि वंदे मातरम् के पाँच में से केवल पहले दो छंद ही गाए जाएंगे। यह कदम कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी सोच को उजागर करता है।

परमार ने कहा कि 1923 में काकीनाडा अधिवेशन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद अली ने धार्मिक आधार पर इस गीत का विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वह काम किया जो अंग्रेज भी नहीं कर सके — वंदे मातरम् पर रोक लगाना

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उससे जुड़े नेताओं ने कई मौकों पर वंदे मातरम् के प्रति असहिष्णु रवैया अपनाया। 2017 में एआईएमआईएम नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने स्कूलों में इस गीत को गाने की अनिवार्यता का विरोध किया था, जबकि 2019 में मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सचिवालय में वंदे मातरम् गाने पर रोक लगा दी थी।

विपिन परमार ने कहा कि भाजपा इस वर्ष वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में इसे गर्व और सम्मान के साथ मनाएगी, ताकि नई पीढ़ी इस गीत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता से जुड़ सके।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *