प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगल मदर को किया प्रणाम, भावुक हुईं भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर
विश्वकप 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने टीम को शानदार जीत की बधाई देते हुए उनके जज्बे और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
इस दौरान खिलाड़ियों ने पीएम मोदी के साथ कई खुशनुमा पल साझा किए। मुलाकात के दौरान हिमाचल प्रदेश की बेटी और भारतीय टीम की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर से जुड़ा एक वीडियो दिखाया गया, जिसमें वह कहती नजर आईं, “ड्रेसिंग रूम का माहौल हल्का रखने के लिए मैंने मोर बनाया, क्योंकि यह सकारात्मकता का प्रतीक है।”
वीडियो देखने के बाद प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए बोले, “आपने यहां आते हुए भी मोर देखे होंगे।” इस पर रेणुका ने जवाब दिया, “हां, देखे। मुझे बचपन से मोर ही बनाना आता था, इसलिए वही बनाया।”
जेमिमा रॉड्रिग्स ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, “इसके बाद रेणुका चिड़िया बना रही थी, लेकिन हमने मना कर दिया।”
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रेणुका की मां के प्रति विशेष सम्मान व्यक्त करते हुए कहा, “मैं आपकी माताजी को विशेष रूप से प्रणाम करूंगा। उन्होंने एक सिंगल पैरेंट के रूप में कठिन परिस्थितियों में भी आपकी प्रगति के लिए जो योगदान दिया, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। एक मां अपनी बेटी के लिए इतना समर्पण दिखाए, इससे बड़ा आदर्श कुछ नहीं हो सकता।”
प्रधानमंत्री के इन शब्दों से रेणुका ठाकुर भावुक हो गईं। यह पल पूरे समारोह का सबसे भावनात्मक क्षण बन गया।





