प्रदेश में महिलाओं के बढ़ते अपराधों के खिलाफ शिमला में जनवादी महिला समिति का प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। समिति ने सरकार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
शिमला के शेरे पंजाब क्षेत्र में समिति की कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
राज्य सचिव फालमा चौहान ने कहा कि कुल्लू, हमीरपुर और चंबा जिलों में हाल ही में हुई घटनाओं ने प्रदेश को शर्मसार किया है। इन मामलों में पुलिस की धीमी कार्रवाई और सरकार का ढीला रवैया चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर रोक लगाना मुश्किल होगा।
समिति ने सरकार से मांग की है कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और पीड़ितों को जल्द न्याय मिले।





