#Himachal Pradesh #Shimla

सुक्खू सरकार में क्राइम स्टेट बनता हिमाचल, कानून व्यवस्था चरमराई: राजेंद्र राणा

हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश, जो कभी शांति और धार्मिक पर्यटन का केंद्र माना जाता था, अब गैंगवार और नशे की गिरफ्त में फंस चुका है। राणा ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में हिमाचल की छवि इतनी बिगड़ गई है कि उसे सुधारने में वर्षों लग जाएंगे

उन्होंने आरोप लगाया कि ऊना और बिलासपुर जैसे शांत जिले अब गोलीबारी की घटनाओं से दहल रहे हैं और युवा नशे के दलदल में फंसते जा रहे हैं। राणा ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि आत्म-प्रचार है। पुलिस को दी गई नई महंगी गाड़ियों पर मुख्यमंत्री की तस्वीर लगवाना जनता के टैक्स का दुरुपयोग है। उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या ये गाड़ियां हिमाचल पुलिस की हैं या सुक्खू जी की निजी पुलिस?”

भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में बच्चों तक के साथ अमानवीय अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री बयानबाजी और कैमरा राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के मंत्री अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं, जबकि प्रदेश की कानून व्यवस्था भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।

राणा ने कहा कि अपराधियों में अब सरकार और पुलिस का कोई डर नहीं बचा है, क्योंकि पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले चुनावों में जनता इस सरकार से कड़ा हिसाब लेगी।

राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल को शांति, सुरक्षा और जवाबदेह नेतृत्व की जरूरत है — और यह जिम्मेदारी भाजपा ही निभा सकती है

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *