#Himachal Pradesh

हिमाचल बोर्ड के सर्टिफिकेट्स पर अब अंकित होगा यू-डायस कोड

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के सर्टिफिकेट्स में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब इन सर्टिफिकेट्स पर यू-डायस कोड (Unified District Information System for Education) अंकित किया जाएगा। इससे पहले विद्यार्थियों की मार्कशीट पर स्कूल स्तर का कोड दर्ज किया जाता था, जिसे अब यू-डायस कोड से बदला जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके स्कूलों की जानकारी को राष्ट्रीय स्तर पर एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। इससे अन्य राज्यों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की पहचान और उनके पूर्व स्कूल की जानकारी को आसानी से सत्यापित किया जा सकेगा।

हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पहले से ही यू-डायस कोड जारी किए गए हैं। शिक्षा बोर्ड अब इन्हीं कोड्स को विद्यार्थियों की मार्कशीट और सर्टिफिकेट्स में अंकित करेगा।

स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि यह यूनिक कोड बोर्ड की ओर से नया जारी नहीं किया जाएगा, बल्कि पहले से जारी यू-डायस कोड को ही लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और एकरूपता बढ़ेगी तथा विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों में प्रवेश के दौरान आसानी होगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *