ऑपरेशन सिंदूर में IIT मंडी के ड्रोन का इस्तेमाल, निदेशक ने किया बड़ा खुलासा
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना ने IIT मंडी में तैयार किए गए ड्रोन का भी उपयोग किया। यह जानकारी गुरुवार को दीक्षांत समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने दी। उन्होंने बताया कि IIT मंडी से तैयार किए गए 15 ड्रोन सेना को सौंपे गए, जिन्होंने इस मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निदेशक ने कहा कि जब देश को उन्नत ड्रोन तकनीक की जरूरत थी, तब संस्थान ने राष्ट्रीय हित में अपनी अहम जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने यह भी बताया कि IIT मंडी वर्तमान में DRDO के साथ मिलकर आधुनिक ड्रोन तकनीक पर व्यापक शोध कर रहा है।
प्रो. बेहरा ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र में स्थित यह संस्थान सीखने, अनुसंधान और नवाचार का एक मजबूत केंद्र बन चुका है। यहां स्थापित अंतर्विषयक अनुसंधान केंद्र तकनीकी विकास और मानवीय मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।
साल 2009 में स्थापित IIT मंडी ने 16 वर्षों की अवधि में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। संस्थान की ड्रोन टेक्नोलॉजी लैब तेजी से प्रगति कर रही है, जबकि विकसित किया गया अर्ली वार्निंग सिस्टम भूस्खलन और भूकंप की पूर्व जानकारी देने में अत्यंत सहायक साबित हो रहा है।





