हिमाचल में वीकेंड टूरिज्म ने पकड़ी रफ्तार, पर्यटन स्थलों पर उमड़ रही सैलानियों की भीड़
हिमाचल प्रदेश में वीकेंड टूरिज्म एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में पर्यटक राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। पिछले दो सप्ताहांत में शिमला और मनाली के होटलों में 50 प्रतिशत से अधिक जबकि चायल और कसौली में करीब 70 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है।
शिमला, कुफरी, मनाली, कसौली और चायल के लग्जरी होटलों में क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार त्योहारी सीजन में बंपर भीड़ देखने को मिलेगी।
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से शिमला के आसपास के स्थल—कुफरी, मशोबरा, छराबड़ा, नालदेहरा और नारकंडा—भी गुलजार हैं। शनिवार के बाद रविवार को भी रिज मैदान और मालरोड सैलानियों से खचाखच भरे रहे। एक्सप्लोर एक्सपर्ट एडवेंचर कुफरी के संचालक काकू ठाकुर का कहना है कि पिछले दो हफ्तों से पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
मनाली में भी टूरिस्ट फुटफॉल में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। हर वीकेंड 150 से अधिक वोल्वो बसें पर्यटकों को मनाली लेकर पहुंच रही हैं। यहां से सैलानी अटल टनल, रोहतांग और सिस्सू घूमने जा रहे हैं। तारागढ़ पैलेस मनाली के होटलियर सन्नी शर्मा के अनुसार, क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए आकर्षक पैकेज तैयार किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।
होटल व्यवसायियों को उम्मीद है कि आने वाले सप्ताहांतों में पर्यटनों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी, जिससे प्रदेश के पर्यटन कारोबार को नई ऊर्जा मिलेगी।





