महिला समूहों के लिए क्लाउड किचन प्रशिक्षण का शुभारंभ, सीडीओ ने किया उद्घाटन
जनपद में महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ललित नारायण मिश्रा ने ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूबेटर सेंटर में क्लाउड किचन प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्लाउड किचन के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित करना और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कामगारों को घर जैसा, मनपसंद भोजन उपलब्ध कराना है।
महिला समूहों को संबोधित करते हुए सीडीओ ने कहा कि जनपद में कई औद्योगिक क्षेत्र और कंपनियां हैं, जहां कामगारों को गुणवत्तापूर्ण और घर जैसा भोजन आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को क्लाउड किचन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे कम लागत में घर से ही अपना व्यवसाय शुरू कर सकें और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद की 25 महिला समूहों की महिलाओं को यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आजीविका मिशन के माध्यम से उन्हें ऋण की सुविधा भी सरलता से उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, भोजन की शुद्धता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देने की बात कही गई।
एलडीएम दिनेश गुप्ता ने कहा कि सीडीओ के निर्देशन में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्लाउड किचन शुरू करने के लिए आवश्यक ऋण शीघ्रता से स्वीकृत किया जाएगा, ताकि महिलाएं जल्द से जल्द अपना कार्य आरंभ कर सकें।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के निर्देशक शिव कुमार सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक (आरआईपी) संजय सक्सेना, आचार्य दीप्ति भट्ट, मास्टर ट्रेनर रचित सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।





