#Himachal Pradesh #Solan

नालागढ़ पुलिस स्टेशन के पास जोरदार धमाका, खिड़कियों के शीशे टूटे, इलाके में दहशत

हिमाचल प्रदेश में नए साल की सुबह सोलन जिले के नालागढ़ में जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 9:15 बजे नालागढ़ पुलिस स्टेशन की दीवार के पास हुए धमाके से पुलिस थाना, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और मार्केट कमेटी भवन की खिड़कियों के शीशे टूट गए। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। धमाके के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार धमाके की गूंज काफी दूर तक महसूस की गई। पुलिस स्टेशन के आसपास निजी और सरकारी भवन स्थित हैं, जिनमें नुकसान हुआ है। पास स्थित सैनिक विश्राम गृह की दीवारों और शीशों को भी क्षति पहुंची है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हैं, ताकि धमाके के पीछे की वजह का जल्द खुलासा किया जा सके।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *