#National

भाजपा का पलटवार: राहुल गांधी लोकतंत्र बचाने नहीं, उसे कमजोर करने आए हैं – अनुराग ठाकुर

भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर उनके हालिया वोट चोरी के आरोपों को लेकर तीखा पलटवार किया। ठाकुर ने कहा कि ये आरोप पूरी तरह झूठे और निराधार हैं तथा राहुल गांधी की बढ़ती हताशा का प्रतीक हैं।

ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी एक ऐसे नेता हैं जिन्हें जनता बार-बार नकार चुकी है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस लगभग 90 चुनाव हार चुकी है। यही कारण है कि राहुल गांधी अब केवल आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जब राहुल गांधी से अपने बयानों के सबूत मांगे जाते हैं तो वे पीछे हट जाते हैं और हलफनामा देने से भी कतराते हैं।

अनुराग ठाकुर ने 2023 में अलंद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां नाम हटाने की असफल कोशिश हुई थी। इस मामले में चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज कराने तक का निर्देश दिया और मोबाइल नंबर व आईपी एड्रेस भी उपलब्ध कराए, लेकिन कांग्रेस शासित कर्नाटक की सीआईडी ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने सवाल उठाया कि अलंद क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार ही विजयी हुआ था, तो क्या इसका मतलब है कि कांग्रेस ने वोट चुराकर जीत हासिल की?

ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वे लोकतंत्र बचाने नहीं आए हैं। अगर लोकतंत्र कोबचाना मकसद नहीं है, तो क्या इसे कमजोर करना उनका उद्देश्य है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस टूलकिट के सहारे लगातार संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *