#Himachal Pradesh #Shimla

भाजपा हरियाणा सरकार ने चंबा के लिए भेजे 10 ट्रक राहत सामग्री, सीएम नायब सिंह सैणी ने दिखाई हरी झंडी

शिमला। आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए हरियाणा सरकार और भारतीय जनता पार्टी आगे आई है। शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की मौजूदगी में पंचकूला से 10 ट्रक राहत सामग्री चंबा जिले के लिए रवाना किए।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने हिमाचल के लोगों के लिए भाईचारे और सहयोग की जो मिसाल पेश की है, वह सराहनीय है। उन्होंने हिमाचल की जनता की ओर से मुख्यमंत्री सैणी और भाजपा हरियाणा का आभार व्यक्त किया।

राहत सामग्री पंचकूला, अंबाला और आसपास के क्षेत्रों के दानदाताओं द्वारा एकत्र की गई। इसमें 186 क्विंटल चावल, 153 क्विंटल आटा, 20 क्विंटल नमक, 65 क्विंटल चीनी, 20 क्विंटल दाल, 25 किलो हल्दी, 750 किलो मसाले, 2400 लीटर तेल, 50 किलो चायपत्ती, 1000 तिरपाल, 1021 कंबल, 1500 गद्दे, 2600 साबुन, 1200 पैकेट बिस्किट, 650 सेनेटरी पैड, बर्तन, टूथपेस्ट, पानी, मैगी, ओट्स और अन्य सामग्री शामिल है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने कहा कि भाजपा “सेवा ही संगठन” के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए हमेशा आपदा पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में पार्टी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता कर रही है।

सैणी ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश से बड़ा नुकसान हुआ है, कई गांव पूरी तरह प्रभावित हुए हैं, पशुधन और स्थानीय लोगों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार और भाजपा हरियाणा इस कठिन समय में हिमाचल के साथ खड़ी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *