मुख्यमंत्री सुक्खू का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज अपने 62वें जन्मदिन के अवसर पर अपने आधिकारिक निवास ओक ओवर में मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, बोर्डों और निगमों के अध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के साथ उत्साहपूर्वक अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर ढोल और नगाड़ों की ध्वनि के साथ, पारंपरिक परिधानों में सजे हुए लोग ओक ओवर पहुंचे और मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक साथ प्रार्थना की और जन्मदिन का केक काटा। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भी मुख्यमंत्री को दूरभाष के माध्यम से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर राज्य युवा कांग्रेस द्वारा रिज पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने मॉल रोड से हिमाचल प्रदेश सचिवालय तक जागरूकता वॉकथॉन का शुभारंभ किया, जिसका समापन हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय में हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाज में व्याप्त बुराईयों के प्रति जागरूकता फैलाना था। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हलवा वितरित किया और वॉकथॉन में भी भाग लिया, जो ओक ओवर तक पहुंचा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री चन्द्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार सहित कई अन्य नेता और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।