#Una

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू देंगे ऊना को ₹221 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

ऊना, 6 जून। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 7 और 8 जून को अपने दो दिवसीय ऊना दौरे पर रहेंगे, जहां वे लगभग ₹221 करोड़ की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, अपने दौरे के पहले दिन 7 जून को मुख्यमंत्री गगरेट विधानसभा क्षेत्र में ₹75.10 करोड़ की परियोजनाओं की नींव रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGYS) फेज-III के तहत स्वां नदी पर 42.82 करोड़ की लागत से अंब-अम्बोटा सड़क पर 400 मीटर लंबे पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा विभिन्न खड्डों पर 4 पुलों के निर्माण, लिंक सड़कों की मेटलिंग और टारिंग, राम मंदिर से बने दी हट्टी वाया अंदोर रोड निर्माण, और दौलतपुर चौक राजकीय डिग्री कॉलेज भवन निर्माण कार्य भी इस सूची में हैं।

मुख्यमंत्री अम्बोटा राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में वर्कशॉप भवन, जल जीवन मिशन के तहत कई मल्टी विलेज पेयजल योजनाओं और ट्यूबवेल परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वे दौलतपुर चौक के रामलीला मैदान में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद, मुख्यमंत्री उपमंडल बंगाणा में ₹180.41 करोड़ की लागत से तैयार विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इनमें अधिशासी अभियंता कार्यालय भवन, जल गुणवत्ता प्रशिक्षण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल भवन, सड़क निर्माण, ग्रामीण आजीविका केंद्र, सिंचाई योजनाएं, वर्षा जल संचयन, कर एवं उत्पाद शुल्क विभाग के आवासीय भवन और नाबार्ड के अंतर्गत ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री नरसिंह देव मंदिर, पिपलू में पूजा-अर्चना करेंगे और शाम को भलेत में आयोजित कुटलैहड़ महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

8 जून को मुख्यमंत्री उपमंडल ऊना में ₹25.79 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें ₹5 करोड़ की लागत से डिग्री कॉलेज ऊना में न्यू गर्ल्स हॉस्टल, ₹12 करोड़ के शैक्षणिक ब्लॉक और ₹8.79 करोड़ से बने छात्र भवन का लोकार्पण शामिल है। दोपहर 12 बजे वे शिमला के लिए रवाना होंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *