सीएम सुक्खू ने गांधी परिवार की सराहना की, कहा – हिमाचल के विकास में गांधी परिवार की रही अहम भूमिका
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी का हिमाचल प्रदेश आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस में वीरभद्र सिंह के साथ 30 वर्षों तक कार्य करने का अवसर मिला, जिनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा। सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह को जनता हमेशा “सड़कों के नेता” के रूप में याद रखेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी ने वर्ष 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किया, जबकि उस समय भाजपा नेता इसका विरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने हमेशा हिमाचल के विकास में विशेष योगदान दिया है।
सुक्खू ने बताया कि सोनिया गांधी की दूरदर्शी सोच के कारण प्रदेश को आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थान प्राप्त हुए। वहीं प्रियंका गांधी द्वारा प्रदेश में घर बनाने से पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का निरंतर विकास कांग्रेस पार्टी की देन है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की मूर्ति का अनावरण पार्टी के लिए एक भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल का निर्माता कहा जा सकता है। वे जनता से गहरा जुड़ाव रखते थे और रात देर तक लोगों की समस्याएं सुनते थे। उन्होंने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।





