वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-हटाने के लिए अब ई-वेरिफिकेशन अनिवार्य, चुनाव आयोग ने शुरू किया ‘ई-साइन’ फीचर
चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने या उस पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने के लिए नया ‘ई-साइन’ फीचर शुरू किया है। अब से इन कार्यों के लिए ई-वेरिफिकेशन जरूरी होगा।
आयोग के मुताबिक, आवेदन करने वाले के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर वन-टाइम पासवर्ड (OTP) भेजा जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि आवेदन सही व्यक्ति ने ही किया है। 23 सितंबर से पहले ई-वेरिफिकेशन की अनिवार्यता नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि पहले कई बार दूसरों के नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर फार्म भरने की शिकायतें मिलती थीं। नई व्यवस्था से ऐसे दुरुपयोग पर रोक लगेगी।
इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस बदलाव पर टिप्पणी करते हुए कहा, “ज्ञानेश जी (मुख्य निर्वाचन आयुक्त), हमने चोरी पकड़ी तो आपको ताला लगाना याद आया। अब चोरों को भी पकड़ेंगे। तो बताइए, सीआईडी को सबूत कब दे रहे हैं आप।”
राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग पर मतदाता सूची से वोट हटाने का आरोप लगा रहे हैं। 18 सितंबर को उन्होंने दावा किया था कि कर्नाटक की आलंद विधानसभा सीट से 6,000 से अधिक वोट हटाए गए हैं।





