#Himachal Pradesh #Lahaul & Spiti #Shimla

हिमाचल में ताज़ा बर्फबारी: दारचा-शिंकुला और बारालाचा मार्ग हुए बंद

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने फिर करवट ली है। लगातार बर्फबारी के चलते दारचा-शिंकुला, दारचा-बारालाचा और कोकसर-लोसर मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिए गए हैं। लाहौल घाटी में रविवार रात से बर्फ गिर रही है, जबकि राजधानी शिमला, कुल्लू और अन्य जिलों में बारिश का दौर जारी है।

बर्फबारी के चलते रोहतांग दर्रा, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल, दारचा, जिस्पा और सेवन सिस्टर पीक पूरी तरह बर्फ से ढक गए हैं। बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रा समेत कई ऊंची चोटियां सफेद चादर में लिपट गई हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के लिए भारी बारिश और तेज अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
7 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, चंबा, ऊना, कुल्लू, बिलासपुर और हमीरपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बर्फबारी से रविवार को लेह-मनाली हाईवे छह घंटे तक बंद रहा और बारालाचा व शिंकुला दर्रे पर कई वाहन फंस गए। वहीं मंडी के शिकारी देवी क्षेत्र में भी इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।

धर्मशाला में धौलाधार की चोटियां, चंबा की पहाड़ियां, मणिमहेश, चौबिया, कुगति जोत, खपरांस, काली छौ और सचे पास भी बर्फ से ढक गए हैं।
इस बीच, पर्यटकों और होटल कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है, जबकि प्रशासन ने वाहन चालकों को फिसलन भरे मार्गों पर सावधानी बरतने की सलाह दी है।

खज्जियार में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है, जिससे स्थानीय कारोबार में फिर से रौनक आ गई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *