केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हिमाचल के हितों पर हुई सार्थक चर्चा : जयराम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर बिहार चुनाव में भाजपा और इंडिया गठबंधन की प्रचंड जीत पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों, विशेषकर आपदा राहत और पुनर्वास कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात कर उन्हें बिहार चुनाव में मिली सफलता पर शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अमित शाह को हिमाचल की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया है। उनका आरोप है कि प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन में पूरी तरह विफल रही है और प्रभावित क्षेत्रों में न तो सड़कें ठीक हुई हैं, न ही बिजली-पानी की स्थायी बहाली हो पाई है। आने वाली सर्दी को देखते हुए अस्थाई व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि “व्यवस्था परिवर्तन” का दावा करने वाली सरकार दिशाहीन और अनुभवहीन है। मुख्यमंत्री के निर्णयों में न तर्क दिखता है, न दूरदर्शिता। जयराम ठाकुर ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों का मुद्दा उठाते हुए ऊना और सोलन में हुई गोलीबारी तथा कांग्रेस नेताओं की आपसी हिंसा को सरकार की नाकामी बताया। उनका कहना है कि सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने की बजाय पत्रकारों पर दबाव बनाने में लगी है।
पंचायत चुनावों में देरी पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट का बहाना बनाकर चुनाव रोकने की कोशिश की जा रही है, जबकि राज्य चुनाव आयोग के बार-बार लिखे पत्रों के बावजूद पुनर्सीमांकन समय पर नहीं किया गया। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद कैबिनेट द्वारा पुनर्सीमांकन का आदेश जारी करना अभूतपूर्व कदम है, जो सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कल से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में भाजपा सरकार की हर नाकामी और जनविरोधी फैसलों को मजबूती से उठाएगी और जनता की आवाज को सदन में पहुंचाएगी।





